शादी से पहले दूल्हे ने मांगा अतिरिक्त दहेज, रिश्ता तोड़ा, दुल्हन पहुंची थाने
उत्तर प्रदेश के बांदा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सगाई के बाद दूल्हे की दहेज की अतिरिक्त मांग और शादी तोड़ने के चलते दुल्हन को थाने का रुख करना पड़ा। दूल्हे की हरकत के कारण अब उसे जेल का सामना करना पड़ सकता है।
क्या है मामला?
16 जनवरी 2025 को शादी की तारीख तय थी, लेकिन शादी से पहले ही दूल्हे ने दहेज में ₹5 लाख अतिरिक्त की मांग कर दी। पीड़ित परिवार ने बताया कि दूल्हे पक्ष के साथ पहले ही ₹11 लाख नकद और ₹1.5 लाख के सामान पर सहमति बनी थी। सगाई का कार्यक्रम 11 नवंबर 2024 को संपन्न हुआ था, और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं।
शादी के कार्ड बंट चुके थे, मैरिज हॉल और हलवाई सब बुक हो चुके थे। लेकिन दूल्हे पक्ष की इस नई मांग ने परिवार को झकझोर दिया। जब यह मांग पूरी नहीं हो सकी, तो दूल्हे ने शादी करने से मना कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस घटना से पीड़ित परिवार सदमे में है। उन्होंने बिसंडा थाने में शिकायत दर्ज करवाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बिसंडा थाने के एसएचओ सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि मामले की शिकायत के आधार पर दूल्हे समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना समाज में दहेज प्रथा की कुप्रथा पर फिर से सवाल खड़ा करती है।
admin
🛡️ Verified JournalistAccredited news correspondent and investigative contributor at AvaNews.in.